पुनर्मतगणना में वीरपाल, और तरुण विजयी घोषित
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत में भाजपा के हारे हुए दो प्रत्याशी मंगलवार की सुबह विजयी घोषित हो गए। इनमें वार्ड 42 से वीरपाल निर्वाल और वार्ड सात से तरुण पाल शामिल हैं। रीकाउंटिंग में इन दोनों की जीत दिखाई गई है। विपक्ष ने प्रशासन के इस निर्णय के खिलाफ जमकर हंगामा किया। डीएम से लेकर चुनाव आयुक्त तक को शिकायत की गई।
जिला पंचायत के वार्ड 42 से भाजपा नेता वीरपाल निर्वाल अपना भाग्य आजमा रहे थे। यहां आरओ ने मतगणना के बाद रालोद के प्रभात तोमर को विजयी बताया था। मतगणना के बाद वीरपाल निर्वाल समर्थकों सहित धरने पर बैठ गए थे और रीकाउंटिंग की मांग करने लगे। रात में ही भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला मौके पर पहुंच गए थे। सुबह तक वीरपाल निर्वाल को निर्वाचित घोषित किया गया। प्रशासन का कहना है कि रीकाउंटिंग में निर्वाल जीते हैं। दूसरी तरफ प्रभात कुमार का कहना है कि उन्हें रीकाउंटिंग की कोई सूचना नहीं दी गई। इसके विरोध में रालोद नेताओं ने डीएम ऑफिस पर हंगामा किया और वार्ड 42 का रिजल्ट निरस्त करने की मांग की। पूर्व मंत्री योगराज सिंह, जिलाध्यक्ष अजीत राठी के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। चुनाव आयोग को भी इस संबंध में शिकायत भेजी गई है।
जिला पंचायत के वार्ड सात में मतगणना के बाद बसपा प्रत्याशी भोला शंकर को 412 वोटों से जीता हुआ बताया गया था। प्रत्याशी ने मिठाई भी बांट दी और समर्थकों ने बधाई भी दे दी। रात ढाई बजे भाजपा के तरुण पाल को जीत का प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। बसपा प्रत्याशी भोला शंकर का आरोप है कि उसे रीकाउंटिंग की कोई जानकारी नहीं दी गई। चुनाव आयोग में शिकायत कर दी गई है। भाजपा के तरुण पाल को जिताने के लिए रात में ही आरओ बदल दिया गया। प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें हराया है।
कोर्ट जाएंगे दोनों हराए गए प्रत्याशी
मुजफ्फरनगर। वार्ड सात में हराए गए भोला शंकर और वार्ड 42 में हराए गए प्रभात तोमर कोर्ट जाएंगे और दोबारा मतगणना कराएंगे। दोनों ने दावा किया कि प्रशासन ने साजिश के तहत सत्ताधारियों को खुश करने के लिए उन्हें हराया है। चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने के साथ ही न्याय के लिए कोर्ट जाएंगे।
भोला शंकर पर दर्ज हो गए दो मुकदमे
मुजफ्फरनगर। बसपा प्रत्याशी भोला शंकर पर जहां एक दिन पहले भाजपा प्रत्याशी तरुण पाल के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ, वहीं मंगलवार को अपने घर पर भीड़ एकत्र करने का मुकदमा दर्ज हुआ। नई मंडी कोतवाली में दोनों मुकदमे दर्ज हुए। भोला शंकर ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।