मुजफ्फरनगर। देहरादून में आयोजित 20वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शहर के ट्रैप शूटर विराज चौधरी ने दो स्वर्ण पदक जीते। कामयाबी पर जिले में खुशी का माहौल है।
शहर के नुमाइश कैंप निवासी नेशनल शूटर विराज चौधरी ने देहरादून में आयोजित 20वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में सटीक निशाने साधे। निशानेबाज ने शॉटगन (12 बोर) ट्रैप शूटिंग के एकल वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा डबल ट्रैप टीम में भी गोल्ड मेडल प्राप्त किया। विराज चौधरी पढ़ाई के साथ-साथ शूटिंग में भी भाग लेता रहा है। वह अब तक कई मेडल जीत चुका है। वर्तमान में वह गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर के खालसा कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएशन के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा दे रहा है।
पिता हरेंद्र चौधरी ने बताया कि 17 मई को परीक्षा देकर विराज रात में यात्रा कर 18 मई को देहरादून में रेंज पर पहुंचा और प्रतियोगिता में भाग लिया। इसके बाद उसने पदक जीते। 21 मई को देहरादून में ही विराज को दोनों मेडल प्रदान किए गए हैं। निशानेबाज का कहना है कि शूटिंग के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करना उसका लक्ष्य है।