अंतिम संस्कार के समय सीआरपीएफ अधिकारी को सलामी देते हुए सीआरपीएफ के जवान
मंसूरपुर। अगरतला में तैनात मिल मंसूरपुर निवासी सीआरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक विनोद कुमार विश्वकर्मा (55) का सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दिल का दौरा पड़ जाने से उनका निधन हो गया था।
रविवार देर रात सीआरपीएफ के जवान उनका शव लेकर मंसूरपुर पहुंच गए थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे मिल मंसूरपुर के श्मशान घाट पर सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके आवास से श्मशान घाट तक सीआरपीएफ की गाड़ी में शव को ले जाया गया।
श्मशान घाट पर जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र शुभम ने दी। सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर उमाशंकर सिंह ने बताया कि सैनिक के परिवार को नियम अनुसार आर्थिक सहायता और परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी। वह मूल रूप से सोंटा के रहने वाले थे।
भाजपा नेता विवेक बालियान, सैनिक कल्याण संस्था के मंडल अध्यक्ष राजेंद्र फौजी, उमेश विश्वकर्मा, नंदकिशोर पांचाल, भूपेंद्र प्रधान, राजीव धनगर, रालोद नेता संजय राठी, प्रधानाचार्य शिवम राठी, संजीव राठी, लियाकत अली शामिल थे।