धारदार हथियार से ग्रामीण की हत्या
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। दो दिन से लापता ग्रामीण का शव नगवा के जंगल में बंद पडे़ ढाबा परिसर में पड़ा मिला। धारदार हथियार से ग्रामीण की हत्या की गई। उसके शरीर व सिर पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कुथरल का रहने वाला सुनील (45) पुत्र रोहिताश सोमवार को सुबह 10 बजे किसी काम से घर से बाहर गया था। शाम को आठ बजे उसने फोन पर अपने परिवार वालों को अपने आने की सूचना दी। देर रात तक सुनील घर नही पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को परिजनों ने सुनील के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस तथा ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। बुधवार सुबह करीब 10 बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर नगवा कुटी के पास बंद पडे ढाबा परिसर में सुनील का शव पड़ा मिला।
घटना की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के शरीर व सिर पर चोट के निशान मिले हैं। किसी धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की रिपोर्ट सुनील के छोटे भाई अनिल ने दर्ज कराई है।