मुजफ्फरनगर, भोपा। रिश्वत लेकर मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। अधिकारियों ने मामले में संज्ञान लिया है। भोपा सीएचसी पर तैनात चिकित्सक व फार्मेसिस्ट का तबादला कर दिया गया।
दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें भोपा सीएचसी के चिकित्सक व फार्मेसिस्ट 15 हजार रुपये की मांग कर मेडिकल रिपोर्ट बनाने की बातचीत करते नजर आ रहे हैं। किसी व्यक्ति द्वारा किए इस स्टिंग में अस्पताल में तैनात चिकित्सक मनीष वर्मा व फार्मेसिस्ट प्रशांत कुमार रिश्वत लेकर मेडिकल रिपोर्ट बनाने की बात स्वीकार कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले में अधिकारियों से शिकायत की गई। इससे विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। अधिकारियों द्वारा दोनों का स्थानांतरण किया गया है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों को भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हटाकर डॉ मनीष का पुरकाजी और फार्मेसिस्ट प्रशांत का बुढ़ाना तबादला कर दिया गया है। मामले की जांच अभी की जा रही है।