मुजफ्फरनगर जिला चिकित्सालय में विलाप करते मृतक वीडीओ के परिजन ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पलक झपकते ही उजड़ गया परिवार
मुजफ्फरनगर। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के आसपास के लोगों ने उनके परिवार को ढांढस बंधाया।
मोहल्ला आनंदपुरी निवासी वीडीओ सत्येंद्र वर्मा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। अचानक लाइसेंसी हथियार से चली गोली उन्हीं के लिए काल बन गई। पलक झपकते ही हंसता खेलता परिवार उजड़ गया। उधर, बीडीओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि बीमारी के चलते सत्येंद्र वर्मा ने ब्लॉक कार्यालय से 12 से 14 अक्तूबर तक का अवकाश भी लिया हुआ था। इससे पहले शनिवार को दूसरा शनिवार और रविवार का भी अवकाश होने के कारण वे घर पर ही थे। बीडीओ का कहना है कि सत्येंद्र वर्मा अपने तीनों बच्चों की शादी कर अपनी सांसारिक जिम्मेदारियों से लगभग मुक्त हो चुके थे, जिसके चलते वे कार्यालय में भी हमेशा हंसमुख रहते थे। ऐसे में उनका आकस्मिक निधन कार्यालय में भी सभी को हतप्रभ कर गया।
दोनों बेटे चलाते हैं चरथावल में बाइक एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जानसठ ब्लॉक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पद पर कार्यरत सत्येंद्र वर्मा के परिवार में पत्नी सविता के साथ ही दो बेटे विनीत व वासु और एक बेटी है। तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है और वे अपनी गृहस्थी में लीन हैं। दोनों बेटे चरथावल में बाइक एजेंसी चलाते हैं, जबकि पत्नी सविता व दोनों पुत्रवधू घर पर ही रहतीं हैं।