देवबंद। कोरोना की वैक्सीन खत्म होने के चलते शुक्रवार को सीएचसी में टीकाकरण नहीं हो सका। जिससे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। वैक्सीन कब आएगी इस बारे में स्वास्थ्य विभाग के पास भी कोई सटीक जानकारी नहीं है।
पूरे प्रदेश में अभी तक 45 साल से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा था, लेकिन कोरोना संक्रमण की एकाएक बढ़ी रफ्तार के बाद अब सरकार ने 1 मई से 18 साल से अधिक आयु के लोगों का भी टीकाकरण कराने के आदेश दिए हैं। सीएचसी में बृहस्पतिवार को सभी वैक्सीन खत्म हो गई। जिसके चलते शुक्रवार को टीकाकरण नहीं हो सका, जबकि सुबह से दोपहर बाद लोग सीएचसी में टीकाकरण करने को इधर-उधर भटकते रहे। जिन्हें कर्मचारियों ने वैक्सीन खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया। यही हाल तलहेड़ी बुजुर्ग, नागल, रणखंडी, कुरड़ी, फुलास आदि पीएचसी पर देखने को मिला। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. इंद्राज सिंह ने बताया कि कोरोना की वैक्सीन खत्म हो चुकी है। कब आएगी इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।