देवबंद। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन दिशा ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन देकर कोरोना संक्रमण से प्रभावित शिक्षक नगर में सैनिटाइजर का छिड़काव कराने की मांग की है।
संगठन अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में एसडीएम राकेश कुमार सिंह को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया कि कोरोना की दूसरी लहर चरम सीमा पर है। शिक्षक नगर भी कोरोना से अछूता नहीं रहा है। इस वक्त शिक्षक नगर में कोरोना संक्रमितों की संख्या सर्वाधिक है। जिन्हें होम आइसोलेट किया हुआ है। इतना ही नहीं नए मरीज भी दिन प्रतिदिन सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका, अग्निशमन विभाग या अन्य किसी माध्यम से शिक्षक नगर को व्यापक रूप से सैनिटाइज नहीं किया गया है। प्रशासन द्वारा की गई बैरिकेडिंग को भी असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया है। जिससे कॉलोनी के नागरिकों के जीवन को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इसके लिए कोरोना के प्रकोप को रोकने तथा लोगों के जीवन की रक्षा के लिए शिक्षक नगर में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जाना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में गजराज राणा, शुभलेश शर्मा, डोली गोयल, संतोष कांबोज, गीता गर्ग, अमरीश त्यागी, शकुंतला राणा, लक्ष्मी गुप्ता, सीमा धीमान, नीलम गर्ग आदि रहे।