सिविल लाईन थाने में फरियादी की हालत बिगडने पर अस्पताल ले जाते लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने पर थाने में हंगामा
मुजफ्फरनगर। जिला परिषद मार्केट में दो दिन पूर्व व्यापारी से मारपीट के मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सिविल लाइंस थाने में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की बीच घायल दवा व्यापारी की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी सतीश कुमार की जिला परिषद मार्केट में दवा की दुकान है। 19 मार्च को सतीश की पड़ोसी दवा कारोबारी बिजेंद्र शर्मा से कहासुनी व मारपीट हो गई थी। सिर में गंभीर चोट लगने से सतीश लहूलुहान हो गया था। मामले में सतीश की तरफ से बिजेंद्र शर्मा समेत तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शनिवार को घायल सतीश परिजनों के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंचा, जहां दो दिन बीतने के बावजूद हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर उन्होंने जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान घायल की अचानक हालत बिगड़ गई, जिस पर उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। इसके बाद इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया।