मोबाइल टावर लगाने का विरोध करते मोहल्ला लहसवाड़ा के लोग
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला लहसवाड़ा में बुधवार को मोबाइल टावर लगाने पहुंचे कंपनी के कर्मचारियों को लोगों का विरोध झेलना पड़ा। लोगों ने हंगामा कर एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर टावर न लगवाने की मांग की। एसडीएम ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिलाया।
लहसवाड़ा की एक आवासीय कॉलोनी में बुधवार को जैसे ही मोबाइल कंपनी के कर्मचारी टावर लगाने पहुंचे तो लोगों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद कॉलोनी के लोग इकट्ठा होकर उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। एसडीएम राकेश कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कॉलोनी में किसी भी दशा में टावर नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कॉलोनी में पहले से ही एक मोबाइल कंपनी का टावर लगा होने से दिल के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। विगत छह माह पूर्व हार्ट अटैक से एक महिला की मौत भी हो गई ।
आरोप लगाया कि कुछ सफेदफोश लोग कॉलोनी में एक और टावर लगवाने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों के भारी विरोध को देखकर एसडीएम ने लोगों को टावर नहीं लगने देने का आश्वासन दिलाया। लोगों के विरोध को देखकर कंपनी कर्मचारियों ने टावर लगाने का काम रोक दिया। विरोध करने वालों में डॉ. संजय कुमार, संदीप कुमार, जोगेंद्र सैनी, सतपाल कश्यप, रमापति पांडेय, सुनील, डॉ. धर्मेंद्र, प्रदीप, रवि सैनी, सोन लता शर्मा, सुनील, उर्मिला, आशा आदि रहे।