अनियंत्रित कार दुकान में घुसी, तीन महिलाओं को कुचला
मुजफ्फरनगर। रविवार शाम अनियत्रिंत एक कार ने शिव चौक के पास तीन महिलाओं को कुचल दिया और पास में एक दुकान में जा घुसी। दुकान का शीशा, सामान व दो दोपहिया वाहन कार की टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हुए है। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान राहगीरों में भगदड़ मच गई।
रविवार देर शाम मेरठ की तरफ से एक मारूति जैन कार शिव चौक पर पहुंची। कार चला रही महिला संतुलन खो बैठी तब कार शिव चौक के पास पैदल जा रही तीन महिलाओं को कुचलते हुए पास में ही नारंग फुटवियर की दुकान में जा घुसी। वहां शीशे तोड़ दिए। बाबा इलेक्ट्रिकल्स के बाहर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। एक बाइक और स्कूटी में भी कार की टक्कर लगने पर क्षतिग्रस्त हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया। महिलाओं के नाम बबीता सिंह, निभा व मुस्तरी बताए गए है । पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। चालक महिला हादसे के बाद कार को छोड़कर चली गई थी। हादसे के दौरान राहगीरों में भगदड़ भी मच गई थी। पुलिस का कहना है कि अभी हादसे में तहरीर नहीं आई है। चर्चा है कि कार चालक महिला पूर्व में जनपद में तैनात रह चुके एक इंस्पेक्टर की पत्नी है।