सड़क हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर रविवार शाम ट्रक से कुचले जाने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे से मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने क्लीनर को हिरासत में लेकर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। हादसे में मरे दोनों लोग आपस में समधी थे। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
उक्त हादसा रविवार शाम करीब साढे़ छह बजे हुआ। कस्बे के मोहल्ला पीरपुरा निवासी 60 वर्षीय सइद पुत्र इद्दू अपने समधी सहारनपुर के थाना नांगल के ग्राम ताशुपुर निवासी सईद के साथ बाइक से लक्सर गए थे। जहां से दोनों शाम को बाइक द्वारा पुरकाजी आ रहे थे। लक्सर मार्ग पर पुरकाजी के निकट पहुंचने पर पीछे से आ रहे 18 टायरा ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को लेकर मौके से भाग निकला, जिसका पीछा कर कुछ लोगों ने ट्रक को आगे जाकर रोक लिया, लेकिन उसका चालक मौका पाकर वहां से फरार हो गया। लोगों ने क्लीनर को पकड़ लिया। उधर, मौके पर जमा हुए लोगों ने शवों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया और मोहल्ले के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई जारी थी।