सड़क हादसों में दो युवकों की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र में हुए हादसों में दो युवकों की जान चली गई। हाईवे पर पचेंडा कट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से देवबंद के युवक की मौत हो गई, जबकि बझेड़ी व सरवट फाटक के बीच रेलवे लाइन पार कर रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-दून हाईवे पर पचेंडा कट के पास शनिवार देर रात अज्ञात वाहन ने आगे चल रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार देवबंद क्षेत्र के गांव मंडावल निवासी नेपाल सिंह (43) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे युवक के परिजन उसे गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल से रेफर कराकर शहर के भोपा रोड स्थित नर्सिंग होम में ले गए थे। वहां उपचार के दौरान रविवार देर रात युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। पीड़ित परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला जनकपुरी निवासी विनीत कुमार (23) सोमवार सुबह बझेड़ी व सरवट फाटक के बीच रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान वह सहारनपुर की तरफ से आती एक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
घरेलू कलह में युवक ने जान दी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी विकास (45) नामक युवक ने रविवार देर रात अपने फ्लैट में ही जहर खा लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक के परिजनों ने गृहक्लेश के चलते आत्महत्या करने की रपट इत्तलाई दर्ज कराई है। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।