रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून हाईवे पर रायपुर नंगली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पालम एयरफोर्स स्टेशन के कर्मचारी सहित दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मरने वालों की पहचान दयाल नगर, आगरा निवासी विकास (23) और जयविहार कॉलोनी नजफगढ़ दिल्ली निवासी राहुल सिंह (22) के रूप में हुई है। विकास दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन पर कर्मचारी था और करीब दो साल पूर्व ही उसकी नौकरी लगी थी। रविवार सुबह यह दोनों बाइक से दिल्ली से ऋषिकेश घूमने जा रहे थे। दिल्ली-दून हाईवे पर रतनपुरी थाना क्षेत्र में रायपुर नंगली गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए किसी वाहन ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी और दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। इन्हें कुचलता हुआ चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर मोदीपुरम मेरठ स्थित एक नर्सिंग होम में पहुंची, जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर इनके परिजन भी मुजफ्फरनगर पहुंच गए। राहुल के भाई कुलदीप ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।