सूचना पर पहुंची रामपुर तिराहा चौकी पुलिस ने युवकों की जेब से मिले कागजात से उनके परिजनों को सूचना दी और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि बाइक गलत साइड पर चलाई जा रही थी। थाना पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उधर, बताया गया कि दोनों युवक किसी काम से थाना छपार क्षेत्र के किसी गांव में गए थे। लौटते समय इन दोनों के अलावा बाइक पर एक युवती भी सवार थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मृतक युवकों के परिवार में शोक छाया है। मृतक कपिल की शादी ड़ेढ वर्ष पूर्व हुई थी। कपिल के परिवार में पत्नी पूजा व छह माह की पुत्री आरोही, पिता दीपचंद, माता रेखा, भाई अंकित, रोहित व बहन रेशमा हैं। कपिल वेल्डिंग फेब्रिकेटिंग का कार्य करता था। वहीं मृतक श्रीकान्त इंटर की शिक्षा प्राप्त कर चिकित्सा की शिक्षा प्राप्त कर रहा था। उसके परिवार में माता लता, भाई सहदेव का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में दो बाइक चालक घायल
खतौली में मंसूरपुर के गांव सोंटा निवासी राजन वर्मा बाइक पर पुरा महादेव रजबहा पटरी मार्ग से गांव भैंसी की तरफ आ रहा था। वहीं बघरा के गांव जलालपुर निवासी बिजेंद्र बाइक पर मंसूरपुर की तरफ से आ रहे था। एक रेस्टोरेंट के पास दोनों बाइकों की भिडंत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी में उपचार दिलाया। प्राथमिक उपचार के बाद बिजेंद्र को रेफर किया गया।