खतौली। रात में रुड़की से दिल्ली एक कंपनी में इंटरव्यू के लिए जा रहे बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंद डाला। तड़के पुलिस की गाड़ी गश्त करते हुए उधर से गुजरी तो दोनों युवकों के शव और बाइक सड़क किनारे पड़े मिले। जेब से मिले कागजों के आधार पर उनकी शिनाख्त हुई।
उत्तराखंड के रुड़की कोतवाली क्षेत्र मेहवड़ कलां निवासी कुमार गौरव (22) पुत्र प्रमोद कुमार रुहेला और रुड़की में अपने मामा के यहां रह रहा उसका दोस्त तरुण चौहान (21) गुरुवार रात पल्सर बाइक से दिल्ली के लिए निकले थे। शुक्रवार सुबह दोनों को एक कंपनी में नौकरी के लिए इंटरव्यू देना था।
रात करीब एक बजे एनएच 58 पर भैंसी कट के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। लगभग दो घंटे बाद गश्त करते हुए वहां पहुंची पुलिस को दोनों के शव सड़क किनारे पड़े मिले।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस को बुलवाकर शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचवाया। पुलिस को उनकी जेब से मिले कागजों से नाम-पते के आधार पर दोनों की शिनाख्त हुई।
पुलिस ने रात में ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों को रुड़की पुलिस के माध्यम से सूचना भिजवाई। परिजन शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे थाने पहुंचे। तरुण चौहान मूल रूप से बरेली की आंवला तहसील के चंपतपुर गांव का निवासी था।
वह अपने मामा रिटायर्ड दरोगा रामपाल सिंह के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। कुमार गौरव के पिता प्रमोद कुमार रुहेला की ओर से थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।
वहीं, हाईवे पर बाइक सवार दोनों दोस्तों के साथ हुई दुर्घटना बृहस्पतिवार रात एक बजे के आसपास की बताई जा रही है। टाइम के हिसाब से दोनों शव हाईवे पर दो घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे। गश्त करती हुई पुलिस की जीप रात तीन बजे उधर से गुजरी तो पुलिस को दोनों के शव पड़े मिले।