मंसूरपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा मंसूरपुर शुगर मिल गेट पर तालाबंदी करने का किसानों ने विरोध किया। इस दौरान किसानों की कार्यकर्ताओं से हाथापाई भी हुई। यह घटना उस वक्त हुई, जब भाकियू नेता चंद्रपाल फौजी के नेतृत्व में थाने में धरना चल रहा था।
भाकियू के शाहपुर ब्लाक अध्यक्ष बिजेंद्र के नेतृत्व में कुछ कार्यकर्ता एकत्र होकर बृहस्पतिवार को मंसूरपुर मिल गेट की तालाबंदी करने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने गन्ने का एकमुश्त भुगतान की मांग को लेकर मिल गेट की तालाबंदी कर दी। इसी दौरान वहां पर गांव सोंटा के कुछ किसान पहुंचे।
आरोप है कि इन किसानों ने मिल गेट पर तालाबंदी करने का विरोध किया। जिसको लेकर किसानों ने कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई कर दी। किसानों का कहना था कि जब थाने में धरने चल रहा है, तो पहले वे धरने पर पहुंचे। इसके बाद सभी किसान मिलकर गेट की तालाबंदी करेंगे।
कुछ किसानों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने मिल गन्ना प्रबंधक दिनेश कुमार व फैक्ट्री मैनेजर ओएन तिवारी को ज्ञापन सौंपा और वहां से चले गए। तालाबंदी करने वालों में सोहनबीरी, देवेंद्र, महेंद्री सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाकियू ने तालाबंदी कर शीरा सप्लाई ठप कर दी
खतौली। ब्याज सहित एकमुुश्त गन्ना भुगतान की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने चीनी मिल की शीरा सप्लाई ठप कर दी।
कार्यकर्ताओं ने मिल के शीरा गेट तथा मशीनों पर तालाबंदी की। इस दौरान पुलिस बल मौजूद रहा। बृहस्पतिवार को भाकियू ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता शुगर मिल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मिल के शीरा गेट को घेर लिया तथा शीरा सप्लाई करने वाली मशीनों के अलावा शीरा निकलने के गेट पर तालाबंदी कर सप्लाई को ठप कर दिया।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने मिल में करीब एक घंटा तक जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम ने कहा कि मिल मालिक तथा सरकार की मिलीभगत के चलते किसानों का शोषण हो रहा है। किसान अपने गन्ने का ब्याज समेत एकमुश्त भुगतान लेकर रहेंगे।
मिल मालिकों की मनमानी के चलते आज किसान की हालत खराब है। किसानों के परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं तथा उनके बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से मिल में पुलिस बल तैनात किया गया था।
तहसील अध्यक्ष राजबीर सिंह गुर्जर, विक्रम सिंह, संदीप, मनोज सहरावत, आशू, ओमबीर, राजबहादुर, लीलू, अनंगपाल, दशरथ, अनुज बालियान, रवि, सन्नी शर्मा, दुष्यंत शर्मा, राजीव, शिवम, ठाकुर दुष्यंत सिंह, खडक सिंह, पप्पू, पवन, रोशन, धर्मेंद्र, सोमपाल सिंह आदि मौजूद थे।
उधर भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने ट्रांसपोर्टरों को चेताया कि अगर मिल से किसी ट्रक ने चीनी व टैंकर ने शीरा भरा तो कार्यकर्ता उसको पकड़ कर अपने कब्जे में कर लेंगे। चीनी व शीरा भरने के ट्रांसपोर्टर खुद जिम्मेदार होंगे।