कुटेसरा में दो पक्षों में संघर्ष
चरथावल। गांव कुटेसरा में बृहस्पतिवार शाम बच्चों के बीच खेलते हुए विवाद होने के बाद देर रात दो पक्षों में संघर्ष हो गया। आरोप है कि संघर्ष के दौरान फायरिंग भी हुई। जिसमें दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए, जिनमें गोली लगने से घायल एक ग्रामीण को मेरठ रेफर किया गया है। छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव कुटेसरा के मोहल्ला लक्कड़पट्टी निवासी शावेज और रहीस के बच्चों में बृहस्पतिवार शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। रात करीब नौ बजे मामले को निपटाने के लिए गांव में ही नफीस के घर दोनों पक्षों की बैठक चल रही थी। इसी दौरान एक पक्ष के युवक ने वहां फायरिंग कर दी, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर संघर्ष और फायरिंग हुई, जिससेे गांव में अफरातफरी मच गई।
संघर्ष में दोनों पक्षों से वसीम, आमिर, सलीम व माजिद समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें वसीम को गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से हैं। मामले में फुरकान, इमरान, गुलबशर, मोहसिन, सोनू और शहरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, शुक्रवार दोपहर एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने कुटेसरा पहुंचकर वहां ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। एसओ धर्मेंद्र सिंह को हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।