मंसूरपुर में मुठभेड़ में घायल बदमाश
- फोटो : KHATAULI
मुठभेड़ में दबोचे हाईवे के दो लुटेरे
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून हाईवे पर मुसाफिरों को लिफ्ट देने के बहाने उनसे लूटपाट करने वाले दो लुटेरों जान मोहम्मद और इमरान को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उनसे पिस्टल व तमंचा बरामद किया गया है। मुठभेड़ में दोनों लुटेरों के साथ ही एक पुलिसकर्मी मोनू भी गोली लगने से घायल हो गया। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ खतौली राकेश सिंह ने बताया कि मंगलवार रात दिल्ली के महरौली क्षेत्र के छतरपुर मंदिर निवासी प्रशांत व मोरिया परिजनों के साथ घूमने के लिए ऑटो लेकर हरिद्वार जा रहे थे। दिल्ली-दून हाईवे पर नावला कोठी के पास रात करीब डेढ़ बजे किसी वाहन को बचाने के प्रयास में ऑटो पलट गया, जिस पर सभी लोग घायलावस्था में सड़क किनारे बैठ गए। इसी दौरान एक कार वहां पहुंची और प्रशांत व मोरिया को मंसूरपुर तक लिफ्ट देने की बात कहकर कार में बैठा लिया। कार में बैठाकर लुटेरों ने दोनों से उनसे करीब तीन हजार की नकदी, पर्स व अन्य कीमती सामान लूट लिया और गांव खानूपुर के पास कार से उतारकर फरार हो गए। दोनों ने तत्काल पास ही स्थित थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को पीछा करते देख बदमाश शाहपुर रोड पर भागने लगे, जहां घेराबंदी देख वे राखी पब्लिक स्कूल के पास कार छोड़कर फायरिंग करते हुए भागने लगे। लुटेरों की फायरिंग में कांस्टेबल मोनू हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को पैरों में गोलियां लगीं, जबकि उनका तीसरा साथी फरार हो गया। सीओ ने बताया कि घायल बदमाशों में मेरठ जनपद के सरधना क्षेत्र के गांव मिलक माजरा निवासी जान मोहम्मद व इमरान शामिल हैं, जबकि फरार बदमाश की पहचान हैदर के रूप में हुई है। उनके पास से पिस्टल, तमंचा व लूटी गई नकदी व आधार कार्ड बरामद किया गया है। सीओ ने बताया कि लुटेरों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंसूरपुर में मुठभेड़ में घायल बदमाश- फोटो : KHATAULI