हक के लिए शिक्षकों का धरना-प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने मांगों के समर्थन में डीआईओएस ऑफिस पर धरना देकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम डीआईओएस को ज्ञापन दिया गया।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने कहा कि पेंशन एक शिक्षक के बुढ़ापे का सहारा है। पुरानी पेंशन बहाल होनी चाहिए। सभी शिक्षकों को चिकित्सा सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाए। वित्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को भी समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। कंप्यूटर तथा व्यावसायिक शिक्षकों को भी समान वेतन दिया जाए। जिला मंत्री हेमंत विश्नोई, जिला कोषाध्यक्ष संजीव जावला ने भी शिक्षकों की समस्याओं को उठाया। इन दिनों दो पाली में चल रही पढ़ाई का विरोध किया। शिक्षकों ने अपनी 17 सूत्री मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम डीआईओएस गजेंद्र कुमार को एक ज्ञापन दिया। मुख्यमंत्री से शिक्षकों ने मांगों पर विचार करने का आग्रह किया है। यह भी कहा है कि लंबे समय से शिक्षक मांग उठाते रहे हैं।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ ने दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ ने अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन को पीएम नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन दिया है। जिलाध्यक्ष लखनवीर सिंह और मंत्री कर्णपाल शर्मा ने छह सूत्री ज्ञापन में सभी विभागों में चतुर्थ श्रेणी की नियमित भर्ती की मांग की। पुरानी पेंशन बहाली की मांग भी रखी गई।
मुस्लिम एकता मंच ने पाकिस्तान का पुतला फूंका
मुजफ्फरनगर। मुस्लिम एकता मंच ने चीन और पाकिस्तान का पुतला फूंका। राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन भी दिया।
मुस्लिम एकता मंच के अध्यक्ष शादाब अख्तर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान पर कश्मीर, गिलगिट आदि हिस्से कब्जाने का आरोप लगाया। चीन पर अक्साई चीन और कैलाश मानसरोवर पर कब्जा करने का विरोध किया। दोनो देशों का पुतला दहन किया। राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन दिया गया।