खतौली बस स्टैंड पर तैनात पुलिस बल।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर/खतौली। अग्निपथ योजना के विरोध में सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया गया है। विरोध को देखते हुए रेलवे स्टेशन के साथ-साथ बस अड्डे तथा अन्य मुख्य स्थानों पर पुलिस फोर्स लगाई गई है। उधर, रेलवे ने भी सुरक्षा बरती है। सहारनपुर जाने वाली दो पैसेंजर ट्रेनों को सोमवार की सुबह को रद्द कर दिया है।
रविवार दोपहर में एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय व एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने हाईवे पर तैनात पुलिस टीम कर्मियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में पुलिस व सेना की भर्ती की तैयारी करने वाले युवकों से संपर्क बनाकर रखे। खतौली कस्बे में सीओ राकेश सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजदीकी नजर रखे हुए है। रेलवे स्टेशन तथा बस अड्डों पर निरंतर गश्त की जा रहे है। शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने की अपील की जा रही है। अग्निपथ योजना के विरोध में नाराज युवा सड़कों पर न आए, इसके लिए कोचिंग सेंटरों के संचालकों की भी मदद ली जा रही है। कोचिंग सेंटरों के संचालकों को युवाओं से बात कर कानून हाथ में न लगने का आग्रह किया जा रहा है। गत दिवस बुढ़ाना मार्ग पर युवाओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिक सतर्क हो गई है। ज्ञात हो कि अग्निपथ योजना के बाद प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों में युवा सड़कों पर उतर आए है। वह इस योजना को रोके जाने की पुरजोर मांग कर रहे है। कई शहरों में युवाओं ने सरकारी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया है। उधर, रेलवे ने सहारनपुर जाने वाली दो पैसेंजर ट्रेनों संख्या 4600 और 4660 को सोमवार की सुबह को रद्द कर दिया है।