पुरकाजी पीएचसी पर जमा भीड़ को समझाती पुलिस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर जा रहे दो दोस्तों की रोडवेज की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों ने कार्रवाई नहीं कराई। पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिए।
कस्बे के मोहल्ला दक्षिणी चमारान निवासी शाहिद अहमद (18) की कस्बे में पुराने हाइवे पर दुपहिया ठीक करने की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे वह मोहल्ला जाटान निवासी अपने दोस्त मोहम्मद समद (17) के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर जा रहा था। राधा स्वामी सत्संग भवन के पास सामने से आ रही मुजफ्फरनगर डिपो की बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसा होने के बाद बस को छोड़ कर चालक मौके से फरार हो गया। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने घायल युवकों को पुरकाजी पीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन भी पीएचसी पहुंच गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।