भोपा। राज मिस्त्री के साथ फाइनेंसर द्वारा मारपीट करने व जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने की घटना से गाँव में हड़कंप मच गया। न्याय की मांग करते हुए भीम आर्मी ने थाने पर प्रदर्शन किया। उधर, कुछ गणमान्य लोग समझौता कराने के प्रयास में जुटे है।
थाना क्षेत्र के गाँव बहुपुरा निवासी अनुसूचित जाति की महिला मितलेश ने थाने पहुंचकर बताया कि उसका पति कपिल राजमिस्त्री का कार्य करता है। कपिल ने शुकताल निवासी एक फाइनेंसर से पाँच हजार रुपये उधार लिए थे। कपिल मजदूरी कार्य करने के लिये हिमाचल चला गया था। महीनों बाद कपिल बुधवार की शाम घर लौटा। बृहस्पतिवार को वह कर्ज के पैसे लौटाने के लिए घर से निकलने को तैयार हुआ ही था, इसी दौरान शुकताल निवासी फाइनेंसर अपने एक अन्य साथी सहित उसके घर पर आया। वह पाँच हजार रुपये की रकम को ब्याज सहित तीस हजार रुपये बताते हुए देने की मांग करने लगा। मारपीट करते हुए वह कपिल को जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया।
उधर, पीड़िता व उसका पुत्र थाने पहुंचे तो जानकारी हुई कि उसका पति कपिल चौकी पर बैठा हुआ है, तो वह वहां जा पहुंचे। मितलेश ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी पर उसके पति को जमीन पर बैठाया हुआ था और आरोपी फाइनेंसर व उसका साथी कुर्सी पर बैठकर पुलिस संग नाश्ता कर रहे थे। घटना को लेकर ग्रामीणों की भीड़ पुलिस चौकी पर इकट्ठा होने लगी। भीड़ को देख पुलिस ने पीड़ित फाइनेंसर को भोपा थाने भेज दिया। इसी बीच ग्रामीणों ने भीम आर्मी के पदाधिकारियों के साथ थाने पर प्रदर्शन कर न्याय की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रुप से रवि, अंकित, अर्जुन, विपिन, अक्षय, हनी, सुशील, हरपाल, भानु प्रताप, सतवीर, हरीश, प्रमोद, चित्रसेन, रजत, कार्तिक, हीरा मिंटू आदि शामिल रहे। वहीं, मामले को बढ़ता देख कुछ गणमान्य लोग फैसले के प्रयास में जुटे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेम प्रकाश शर्मा नेे बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।