दो फर्जी पुलिसकर्मियों ने युवक को रोका, तलाशी ली, पिटाई की
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। रामराज के ग्राम पुट्ठी इब्राहीमपुर निवासी एक युवक को दो लोगों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए रोक लिया। उसकी बाइक की तलाशी ली। विरोध करने पर मारपीट की। मौके पर लोग एकत्र हो गए। सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रामराज के ग्राम पुट्ठी इब्राहीमपुर निवासी जावेद ने बताया कि शनिवार शाम लगभग पांच बजे वह किसी कार्य से मीरापुर जा रहा था। जब वह कैथाड़ा के निकट पीर के पास पहुंचा तो उसे दो लोगों ने रोक लिया और अपने आपको पुलिसकर्मी बताते हुए उसकी बाइक की तलाशी लेनी शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो दोनों लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जावेद ने दोनों आरोपियों शमीम व गाजू निवासी ग्राम कैथोड़ा के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया। संवाद