भोपा के गांव जौली में मृतक महिला के बुखार से पीड़ित दोनों बच्चे।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
एक ही परिवार के दो बच्चे बुखार की चपेट में
भोपा। गांव जौली में एक ही परिवार के दो बच्चे बुखार की चपेट में हैं। उनकी मां की कुछ दिन पूर्व डेंगू से मौत हो चुकी है। अब बच्चों की जान को खतरा देख स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके घर पहुंचकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच की।
थाना क्षेत्र के गांव जौली में संदिग्ध बीमारी के पैर पसारने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दो दिन के भीतर छह लोगों की संदिग्ध बीमारी से मौत होने के कारण भी ग्रामीण काफा खौफजदा हैं। इन छह लोगों में एक महिला शहजादी भी शामिल थी, जिसके दो बेटे मोहम्मद शाद (10) और अब्दुल आहद (8) वर्ष भी बुखार की चपेट में हैं। इसकी जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार को भोपा सीएचसी की टीम जौली में दोनों बच्चों के घर पहुंची और उनकी स्वास्थ्य जांच की। ग्राम प्रधान के पति शाह रजा नकवी ने बताया कि पूरे गांव को सैनिटाइज कराते हुए कीटनाशक दवा का भी छिड़काव गांव में किया जा रहा है।
जौली स्वास्थ्य उपकेंद्र चालू कराने की मांग
भोपा। क्षेत्र के ग्राम जौली में संदिग्ध बीमारी के फैलने से हो रही मौतों के चलते ग्रामीणों ने कई वर्षों से जर्जर हालत में मौजूद स्वास्थ्य उपकेंद्र को फिर से चालू किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि उपकेंद्र की बिल्डिंग पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा भी किया हुआ है। वहीं, गांव में संदिग्ध बीमारी के चलते हो रही मौतों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को तहसीलदार अभय राज पांडे, कानूनगो अनुज कुमार शर्मा और लेखपाल खचेडू खां ने गांव पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं, कुछ लोगों ने गांव में चलाए जा रहे गन्ना कोल्हू पर भी ऐतराज जताया है।