मुजफ्फरनगर। कांवड़ मार्ग पर मृत मिले दो कांवड़ियों की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। जबकि लापता तीन कांवड़ियों को परिजन तलाश कर रहे हैं। आसपास के जिलों की पुलिस के माध्यम से शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
शिवरात्रि पर लाखों कांवड़ियां गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों की ओर लौट गए। कांवड़ यात्रा के दौरान मृतकों में चार अज्ञात थे, जिनका पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया है। इनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
दो अगस्त को पुरकाजी क्षेत्र में मृत मिले दो लोगों के शवों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शिनाख्त कराने के लिए नियमानुसार 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया है।
दिल्ली के छतरपुर निवासी बुजुर्ग सतीश त्यागी, नई दिल्ली के रंगपुरी निवासी दलपत और हापुड़ देहात के धनौरा निवासी देवदत्त शर्मा संदिग्ध हालात में लापता है। तीनों अपने घर नहीं पहुंचे है, परिजन इनकी तलाश कर रहे हैं।