ऑनलाइन पढ़ाई बनी छात्राओं के लिए मुसीबत
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कस्बा व देहात में ऑनलाइन पढ़ाई व्यवस्था परवान नहीं चढ़ रही है। इतना ही नहीं कुछ जगह छात्राओं के मोबाइल नंबर ग्रुप से लेकर उन पर अमर्यादित संदेश भी भेजे जा रहे हैं, जिससे अभिभावक चिंतित हैं।
लॉकडाउन के चलते जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सभी स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई के निर्देश दिए हैं। विभाग के निर्देशों के अनुसार कॉलेज में प्रधानाचार्य, विषय का अध्यापक, स्कूल का क्लर्क व चपरासी चार व्यक्तियों को स्कूल में प्रवेश करने की अनुमति दी गई है। ये सभी शिफ्ट/दिन के अनुसार बदलते रहेंगे। कस्बा व देहात क्षेत्र में केवल 15-20 प्रतिशत ग्रामीणों के पास ही ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था के संसाधन है। मुकेश कुमार, ब्रजपाल सिंह, प्रवीण कुमार, इंद्रपाल सिंह सहित कई अभिभावकों का कहना है कि उनके परिवार में लैपटॉप अथवा स्मार्ट फोन नहीं है। जिन परिवारों के पास यह सुविधा है, उन परिवारों के मुखियाओं का कहना है कि ऑनलाइन पढ़ाई के लिए स्कूलों द्वारा व्हाट्सएप आदि पर विद्यार्थियों के ग्रुप बनाए गए हैं। कुछ छात्रों ने अपनी कक्षा की छात्राओं के मोबाइल नंबर ग्रुप से उठा लिए हैं। ग्रुप पर भी अश्लील संदेश भी आते हैं। कई अभिभावकों ने क्षेत्र के स्कूल के एक संचालक को व्हाट्सएप पर संदेश व मेसेज भेजकर स्थिति से अवगत कराया। स्कूल मालिक व प्रधानाचार्य भी इन सब घटनाओं से चिंतित है।