महापुरुषों को श्रद्धांजलि देकर किया भावपूर्ण नमन
मुजफ्फरनगर। जनपद के देहात क्षेत्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। स्कूल-कॉलेजों के साथ ही विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों राष्ट्रपुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भावपूर्ण नमन किया गया।
तितावी के पीटी उषा कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता, संगीत और निबंध प्रतियोगिताएं भी हुईं। प्रधानाचार्या उषा सिंह ने छात्राओं को अंहिसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। छपार के गांव बसेड़ा स्थित जनता जनार्दन इंटर कॉलेज, बरला डिग्री कालेज, बरला इंटर कॉलेज, छपार स्थित जयभारत इंटर कॉलेज, रामपुर स्थित गुरु बिरजानंद इंटर कॉलेज के साथ ही सभी सरकारी प्राइमरी विद्यालयों में महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर किसान सेवा सहकारी समिति में प्रबंध निदेशक प्रीति त्यागी, सभापति संजय त्यागी, नरेश कुमार, राजकुमार, विरेंद्र त्यागी, प्रवीण, अरशद त्यागी मौजूद रहे।
शाहपुर के आर्य एकेडमी इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज, शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज और जूनियर हाईस्कूल गोकुलपुर में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। मीरापुर में सुक्खनलाल आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मनाया गया। प्रधानाचार्य रेणु बेदी ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। बसंत इंटर कॉलेज में प्रबंधक डॉ मयूर नागर ने ध्वजारोहण किया। शिखर शिक्षा सदन में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हीं दुनिया जूनियर हाईस्कूल में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य प्रमिला शर्मा ने विजेताओं को शील्ड व प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
मंसूरपुर में गांधी जयंती पर पदयात्रा निकाली।- फोटो : KHATAULI
मंसूरपुर में गांधी व शास्त्री की जयंती मनाते लोग।- फोटो : KHATAULI