हरिनगर के दर्जनों ग्रामीणों ने मंगलवार को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में बिजलीघर पर पहुंचकर प्रदर्शन कर वहां मिले एसडीओ का घेराव कर ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने विद्युतकर्मियों पर ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। एसडीओ ने बुधवार को ट्रांसफार्मर लग जाने का आश्वासन दिया है।
करीब 20 दिन पूर्व ग्राम हरिनगर का एक विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिससे आधे से ज्यादा गांव की बिजली ठप हो गई थी, जिसकी जानकारी देने के बावजूद उसे कई दिन बाद उतारा गया। ट्रांसफार्मर को उतारे हुए करीब दस दिन हो गए हैं, लेकिन उसे बदला नहीं जा रहा है।
मंगलवार को ग्राम प्रधान नेपाल सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण बिजलीघर पहुंचे और प्रदर्शन कर वहां मिले एसडीओ का घेराव कर ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्युतकर्मियों पर ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप भी लगाया।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव की आधी आबादी मुस्लिम है और रमजान माह चल रहा है, बावजूद इसके बिजली विभाग जानबूझ कर उत्पीड़न कर रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाएगा, वह बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे।
एसडीओ श्रीकांत वर्मा ने ग्रामीणों को बुधवार में ट्रांसफार्मर लग जाने का आश्वासन दिया, जिस पर ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान सचिन, प्रदीप, सुन्दर, कल्लू, रब्बानी, इरफान, ध्यान सिंह, इस्लाम, रमजान, अहसान, अल्ला रक्खा, इनाम आदि ग्रामीण मौजूद रहे।