अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अमर उजाला के योग शिविर में फिल्मी और राजनीतिक हस्तियों ने साधकों के मध्य बैठकर एक साथ योग किया। योग शिविर में पहुंची फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत और कुनिका समेत अन्य बॉलीवुड के सितारों को देखने के लिए होड़ मची रही।
भोपा रोड स्थित एसडी कॉलेज के मैदान में आयोजित योग शिविर में सुबह चार बजे से ही साधकों का पहुंचना शुरू हो गया था। पांच बजे तक पूरा मैदान साधकों से भर गया था। पांच बजे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान शिविर में पहुंचे। इसके बाद फिल्मी हस्तियां शिविर में पहुंची तो हर कोई उन्हें देखने का उत्सुक नजर आया।
अभिनेत्री राखी सावंत की एक झलक पाने का लोग बेताब दिखाई दिए। राखी और कुनिका आदि ने हाथ जोड़ कर सभी का अभिवादन किया। इसके उपरांत क्रांतिकारियों की महाआरती हुर्ई। मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के साथ परमधाम न्यास के क्रांति गुरु चंद्रमोहन जी ने शहीदों के महाआरती की।
फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत, कुनिका, हास्य अभिनेता सुनील पाल, मशहूर डीजे शैजवुड, मॉडल एकता तिवारी, निर्देशक दिनेश तिवारी, डांसर स्नेहा गुप्ता ने महाआरती में भाग लिया। आरती के उपरांत क्रांति गुरु चंद्रमोहन जी ने योग की क्रियाएं कराई। फिल्मी सितारों ने मंच के सामने साधकों के बीच ही बैठकर योग किया। अभिनेत्री राखी सावंत, कुनिका समेत सभी बॉलीवुड हस्तियों के साथ योग, प्राणायाम और ध्यान करना साधको के लिए गर्व की बात रही।
थैंक्स अमर उजाला, हम आभारी रहेंगे
योग शिविर में शामिल होने आई अभिनेत्री राखी सावंत, कुनिका समेत सभी फिल्मी सितारों ने मुजफ्फरनगर बुलाने पर अमर उजाला को थैंक्स कहा। राखी और कुनिका ने कहा बताया कि उन्होंने मुजफ्फरनगर के बारे में सुना था, यहां आने का मौका अमर उजाला ने दिया, जो हमारे के लिए सौभाग्य के बात है। हम अमर उजाला के आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यहां आकर जाना कि यह मोहब्बत नगर है, यहां पर सभी ने मान सम्मान दिया है। यहां के निवासियों के दिलों में नामचीन हस्तियों के प्रति काफी सम्मान के भाव है। हमें अवसर मिला तो फिर से मुजफ्फरनगर जरूर आएंगे।
योग के बिना अब जीवन अधूरा है : राखी सावंत
अभिनेत्री राखी सांवत ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि यदि हमें स्वस्थ रहना है तो योगी बनना ही होगा। बीते दस सालों से योग से जुड़ी है, जो भी ये ग्लैमर्स है, स्वस्थ्य शरीर है, वो सिर्फ योग की ही देन है, अब तो योग के बिना जीवन अधूरा है।
राखी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यदि आप स्वस्थ और तनाव रहित रहना चाहते हैं तो इसके लिए योग ही एक मात्र ऐसा उपाय है, जिससे आप शारीरिक, मानसिक और अध्यात्मिक लाभ हासिल कर सकते हैं। नियमित योग करने से आप निरोगी काया पा सकते हैं। योग में आसन, प्राणायाम और ध्यान आपको तनाव रहित स्वस्थ शरीर प्रदान करता है। नित्य प्रतिदिन योग करने से आप असाध्य रोगों से भी मुक्ति पा सकते हैं।
बच्चों ने आत्मरक्षार्थ कराटे का किया प्रदर्शन
अमर उजाला के योग शिविर में कराटे कोच वेदप्रकाश शर्मा के निर्देशन में उनकी संस्था के बच्चों ने कराटे का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान बताया कि कराटे के नियमित अभ्यास से भी हम शरीर को चुस्त-दुरस्त रख सकते हैं, वहीं छात्राओं ने प्रदर्शन कर दिखाया कि आत्म रक्षा के लिए भी कराटे का अभ्यास जरुरी है। कराटे में प्रशिक्षित युवती और महिलाएं भी गुंडातत्वों को करारा जवाब देकर अपनी रक्षा कर सकती है।
परमधाम के वालंटियरों ने संभाली व्यवस्था
मुजफ्फरनगर। अमर उजाला के योग शिविर में पूरी व्यवस्था परमधाम न्याय के वालंटियरों ने संभाली हुई थी। मैदान में साधकों और साधिकाओं के लिए अलग-अलग बैठक की व्यवस्था की गई थी।
भोपा रोड पर वाहन पार्किंग से लेकर शिविर तक आने जाने और बैठने की तमाम व्यवस्थाओं को वालंटियरों ने सुव्यस्थित रूप से निभाया। इसी व्यवस्था के चलते शिविर में आए हजारों साधकों को जरा भी परेशानी नहीं हुई। मेरठ, मवाना, सरधना, देवबंद, शामली से भी साधकों ने शिविर में भाग लिया।