जिला पंचायत सभागार में खतौली के चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। खतौली विधानसभा उपचुनाव को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पंचायत सभागार में जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। सीडीओ संदीप भागिया ने प्रशिक्षण कार्य की प्रश्नोत्तरी के माध्यम से जानकारी दी।
सीडीओ ने कहा कि सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, मास्टर ट्रेनर यह सुनिश्चित कर लें कि उनके दायित्वों की जानकारी एकदम सही सटीक हो। मतदान के दौरान पीठासीन के लिए निर्धारित उत्तरदायित्वों की जानकारी विस्तारपूर्वक प्राप्त करें। यदि कहीं भी कोई भ्रांति हो तो उसे बार-बार पूछें, लेकिन एकदम पुष्ट जानकारी होनी चाहिए। जितनी अच्छी जानकारी होगी, उतनी ही आसानी से किसी भी चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करा पाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही मिलने पर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों से अपडेट होकर अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करें। मतदान के समय सभी निर्वाचकों को, जिन्हें फोटो पहचान पत्र जारी किए गए है, अपने मताधिकार का प्रयोग करते समय इन पहचान पत्रों को प्रस्तुत करना होगा। 12 प्रकार में से किसी एक पहचान को दिखाना होगा।
मतदान के दौरान यह दिखा सकेंगे
- आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड
- बैको, डाकघरो से जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक
- श्रम मंत्रालय की योजना के अंर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड
- एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड
- भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज
- राज्य-केन्द्र सरकार, लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किगए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र।
- सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र
- यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार से जारी