खतौली। रेलवे संरक्षा आयोग के आयुक्त शैलेश पाठक ने शुक्रवार रात को डबल रेलवे ट्रैक चेक करने के लिए 135 किमी की स्पीड से स्पेशल ट्रेन को दौड़ाई। इस ट्रेन में वे खुद भी अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ बैठे हुए थे। सीआरएस ने रात में ही ट्रैक को चेक करने के बाद लिखित में अधिकारियों को ट्रेनों का संचालन करने के आदेश जारी कर दिए थे।
सीआरएस शैलेश पाठक ने दौराला से लेकर खतौली तक बिछाए गए डबल ट्रैक की ट्रॉली में बैठकर निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक को दुरुस्त बताते हुए अधिकारियों को ट्रेनों का संचालन करने के लिए हरी झंडी दे दी थी। रात में सीआरएस स्पेशल स्ट्रे में दौराला से बैठे।
उनके साथ में स्पेशल ट्रेन में अधिकारी व इंजीनियर भी थे। उन्होंने डबल रेलवे ट्रैक पर दौराला से लेकर खतौली स्टेशन तक 135 किमी की स्पीड से स्पेशल ट्रेन को दौड़ाकर चेक किया। स्पेशल ट्रेन दौड़ती हुई रात के 7.55 बजे स्टेशन पर पहुंची। सीआरएस ने अधिकारियों को ट्रैक दुरुस्त होने तथा उस पर ट्रेनों का संचालन कराने के लिए अधिकारियों को लिखित में दिया। शुक्रवार रात 9.15 बजे स्पेशल ट्रेन वापस उसी स्पीड से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। शनिवार को दिनभर डबल ट्रैक से सभी ट्रेनों का संचालन होता रहा।