बिना आधार कार्ड नहीं मिलेगा राशन
बुढ़ाना ।
राशन डीलरो की बैठक में आपूर्ति निरीक्षक ने सभी राशन डीलरों को राशन लेने वालों के आधार कार्ड राशन कार्ड से लिंक करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड के बिना राशन नही मिलेगा।
आपूर्ति निरीक्षक संजय कुुमार एवं रजनी चौधरी ने शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के सभी राशन डीलरों की बैठक का आयोजन किया। बैठक में दोनो अधिकारियों ने कहा कि पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय कार्ड धारक अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य का आधार कार्ड अपने राशन कार्ड से लिंक कराए। जिसका आधार कार्ड राशन कार्ड से लिंक नहीं होगा उसे राशन नहीं मिलेगा। उन्होंने सभी राशन डीलरों को भी इस कार्य को पूरा करवाने के निर्देश दिए। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देशों के अनुसार सभी कार्ड धारकों को राशन कार्ड में अपने परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड फीड कराने होंगे। यदि ऐसा नही होगा तो आने वाले समय में उनको राशन मिलना बंद हो सकता है। उनकी यूनिट उनके राशन कार्ड से हटाई जा सकती है। बैठक में मनोज, बिलाल, सुरेंद्र, सुरेश, रमेश, ब्रजपाल, मंजू, हारून सहित क्षेत्र के सभी राशन डीलर मौजूद रहे।