मुजफ्फरनगर : छपार में टोल प्लाजा पर लगा जाम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर/छपार। उत्तराखंड में होली की छुट्टियां मनाकर रविवार को लोगों ने वापस लौटना शुरू किया, तो दिल्ली-देहरादून हाईवे जाम हो गया। छपार में टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वाहनों की संख्या बढ़ जाने के कारण टोल पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही।
रविवार सुबह से ही जाम के हालात रहे। पहले उत्तराखंड के मंगलौर में वाहन चालक जाम में फंस गए। वहां से किसी तरह निकले तो छपार में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। रोजाना की अपेक्षा कई गुना वाहन बढ़ गए, जिस कारण टोल पर लंबी कतार लगी रही।
दिल्ली और हरियाणा के लोग बड़ी संख्या में होली का त्योहार उत्तराखंड में मनाने के लिए जाते हैं। इस बार होली पर चार दिन की छुट्टी थी। सोमवार से सभी दफ्तर और शिक्षण संस्थाएं खुलेंगी, जिस कारण लोगों ने वापसी शुरू की। वाहनों की रफ्तार कम रही और कई बार एक किमी से भी अधिक लंबी लाइन लगी रही, जिस कारण जाम की स्थिति बन गई। इन वाहनों में सबसे अधिक कार थी। इन वाहनों में फंसे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
बस अड्डों पर रही यात्रियों की भीड़, बसों के फेरे बढ़ाए
मुजफ्फरनगर। होली के बाद लोग घरों को लौटने शुरू हुए तो बस अड्डे पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई। सरकारी कर्मचारी हो या फिर दूर दराज से अपने घर होली का पर्व मनाने पहुंचे सभी लोग रविवार को वापस लौटने लगे। जिस कारण प्राइवेट व रोडवेज बस अड्डों, रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही भीड़ रही। उधर, रोडवेज अधिकारियों ने सभी बसों के दो फेरे ज्यादा बढ़ाए थे। ताकि यात्री बसों में सवार होकर बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सके। बावजूद इसके यात्रियों को परेशानी उठाकर यात्रा करनी पड़ी। वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी राजकुमार तोमर का कहना है कि बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। संवाद