व्यापारियों ने दो वर्ष तक के लिए बिना ब्याज का ऋण मांगा
मुजफ्फरनगर। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि व्यापारियों को दो वर्ष के लिए बिना ब्याज का ऋण दिया जाए। व्यापार को दोबारा पटरी पर लाने में सरकार सहयोग करें।
एडीएम प्रशासन अमित सिंह को सीएम के नाम दिए पत्र में व्यापारियों ने कहा कि लॉकडाउन में जनपद का व्यापारी भामाशाह की भूमिका में है। लगातार समाज की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री राहत कोष में भी धनराशि दे रहे हैं। समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रहे हैं। लॉकडाउन में डेढ़ माह दुकानें बंद रहने से मध्यम वर्ग का व्यापारी टूट गया है। व्यापारियों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो रहा है। व्यापार को पटरी पर लाने के लिए दो वर्ष के लिए बिना ब्याज का आसान किस्तों पर ऋण दिया जाए। महामारी में सैनिटाइजर और मास्क को टैक्स फ्री किया जाए। थर्मल स्क्रीनिंग लॉकडाउन से पहले 900 रुपये का था, अब यह छह हजार रुपये तक बिक रहा है। इसका मूल्य पहले जितना किया जाए। ज्ञापन देने वालों में मुख्य संयोजक रेवती नंदन, प्रमोद मित्तल, संजय मित्तल, अशोक कंसल, राजेंद्र काटी, राजकुमार नरूला, श्रीमोहन तायल, विश्वदीप गोयल, कृष्ण गोपाल मित्तल, अमित गर्ग, राहुल वर्मा, बृजेश दीक्षित, महेश चौहान, पवन वर्मा, अशोक बाठला आदि व्यापारी नेता मौजूद रहे।