मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। पुलिस द्वारा पिछले करीब दो सप्ताह से कस्बे में सड़क किनारे खड़े वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं।इस दौरान पुलिस कस्बे के कई व्यापारियों की दुकानों के बाहर खड़ी व्यापारियों की कारों के भी चालान काट चुकी है। इससे नाराज दर्जनों व्यापारियों ने मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक से मिलकर ऑनलाइन चालान काटने पर रोष जताया। व्यापारियों ने कहा कि जिस दिन से पुलिस ने ऑनलाइन चालान काटने शुरू किए हैं। उस दिन से बाजारों में ग्राहक कम आ रहे है। इससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों का कहना था कि व्यापारी अपनी दुकानों के बाहर अपनी कार नहीं खड़ी करेगा तो कहां पर करेगा। कुछ व्यापारियों का सामान भी ट्रकों से आता है। उस सामान को भी दुकानों पर उतारना पड़ता है। पुलिस गलत तरीके से उन वाहनों का चालान कर रही हैं। कस्बे में आने वाले ग्राहक अपनी कारों को सड़क किनारे खड़ी कर बाजार में सामान खरीदने चले जाते हैं और पुलिस उनकी कारों का चालान काट देती है।
प्रभारी निरीक्षक ने आपसी समन्वय से समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इस दौरान संजय वर्मा, निर्दोष जैन, संदीप गोयल, संजीव छाबड़ा, रेवती रमन, अनूप गोयल, पीयूष गर्ग, संदीप शर्मा, सुशील वर्मा, मयंक गोयल, संजीव गोयल, ललित त्यागी, वंश अग्रवाल, निखिल गोयल आदि व्यापारी मौजूद रहे।