मंसूरपुर हाईवे पर थाने के पास श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटने से महिलाओं और बच्चों समेत श्रद्धालुओं की चीख-पुकार मच गई। बस में सवार महिलाओं और बच्चों समेत करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए।
पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बस से निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। गनीमत यह रही कि पलटते समय बस किसी अन्य वाहन से नहीं टकराई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
सहारनपुर के लेबर कॉलोनी से मंगलवार शाम टूरिस्ट बस में सवार महिलाओं और बच्चों समेत करीब 53 श्रद्धालु राजस्थान में बालाजी के दर्शन करने के लिए चले। मुजफ्फरनगर से भी बस में महिला समेत श्रद्धालु सवार हुए। रात करीब 8.30 बजे हाइवे पर मंसूरपुर थाने के पास चालक लोकेश ने अचानक बस के ब्रेक लगा दिए।
सड़क पर बारिश की वजह से कीचड़ होने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के अचानक पलटने से महिलाओं और बच्चों समेत सभी श्रद्धालुओं की चीख निकल गई। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे घायल श्रद्धालुओं को बेगराजपुर मेडिकल और खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायलों में रुड़क़ी निवासी प्रीति, नरेश के दो बच्चे माही व तनु, नकुड़ निवासी सुशीला, एकता, उर्मिला, अशोक, संदीप, हुलियारा, सहारनपुर निवासी अजय सैनी, छुटमलपुर निवासी कुंता, राजेश, रीता, राजकुमार, सहारनपुर निवासी यश सैनी, अजय सैनी, एकता गर्ग, प्रकाश चंद दीवान, नंदपुरी सहारनपुर निवासी विकास,
मुजफ्फरनगर के रामलीला टीला निवासी निशा शर्मा, अक्षित, कुंता, सहारनपुर की रीतू देवी, उर्मिला देवी सुशीला देवी, योगेश, विशाल, अमरजीत, कृष्णा शर्मा, जिला मैनपुरी के रामपुर निवासी योगेश पुत्र नेत्रपाल, यमना नगर, हरियाणा निवासी नेहा पुत्र रमेश समेत करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए,
जिनमें से करीब 10 श्रद्धालुओं को गंभीर अवस्था में मेरठ के लिए रेफर किया गया है। बाकी श्रद्धालुओं को भी मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर सीओ डॉ राजीव कुमार सिंह और तहसीलदार अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों ने सीएचसी और बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों के बारे में जानकारी ली।