दो हत्यारोपियों को रिमांड पर लेकर बरामद किया पैन कार्ड
मुजफ्फरनगर। गांव मिमलाना निवासी विद्युत निगम में संविदा लाइनमैन खालिद की करीब एक माह पूर्व हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनकी निशानदेही पर शेरपुर मार्ग पर छिपाए गए खालिद का पैन कार्ड बरामद किया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मिमलाना निवासी खालिद विद्युत निगम में संविदा लाइनमैन था और फिलहाल महावीर चौक स्थित बिजलीघर पर तैनात था। करीब एक माह पूर्व वह ड्यूटी से लौटने के बाद मिमलाना रोड से संदिग्ध हालात में लापता हो गया था, जिसकी लाश अगले दिन रुड़की गंगनहर से बरामद की गई थी। परिजनों ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी वहाब खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सरकारी लाइनमैन खालापार निवासी रिजवान व शादाब निवासी शाहबुद्दीनपुर रोड ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। दो अन्य आरोपी लाइनमैन वसीम खान व आमिल फरार चल रहे हैं। मंगलवार सुबह पुलिस ने लाइनमैन रिजवान व शादाब को पांच घंटे के रिमांड पर लिया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि हत्यारोपियों की निशानदेही पर गांव शेरपुर मार्ग से छिपाकर रखा गया खालिद का पैन कार्ड बरामद कर लिया गया है। रिमांड अवधि खत्म होने पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।