भारतीय सेना द्वारा हमला कर आतंकवादियों को मार गिराने को लेकर कुछ युवकों ने जानसठ तिराहे से तिरंगा यात्रा निकालनी शुरू कर दी। पुलिस ने माहौल खराब न हो जाए, इसलिए तिरंगा यात्रा को निकालने से रोक दिया। जिसको लेकर युवकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। युवकों की पुलिस के साथ काफी नोकझोंक हुई। बाद में शांतिपूर्ण तरीके यात्रा निकालने पर सहमति बनने पर पुलिस की सुरक्षा के बीच तिरंगा यात्रा निकाली गई।
जम्मू कश्मीर में सैन्य मुख्यालय पर हमला कर जवानों को मारने को लेकर बुधवार की रात को भारतीय सेना ने पाक की सीमा में घुसकर आतंकवादियों को मार गिराया। इस खुशी में बृहस्पतिवार की रात करीब 8 बजे नगर के कुछ युवक जानसठ तिराहे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए तिरंगा यात्रा निकालने लगे। इसका पता चलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रा निकालने से इंकार कर दिया। जिस पर युवक भड़क उठे और उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया।
इस दौरान युवकों की पुलिस से भी काफी देर तक नोकझोंक हुई। इस बात का पता चलने पर भाजपा नगराध्यक्ष प्रशांत देशवाल कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। भाजपाइयों ने हंगामा कर रहे युवकों को समझा बुझाकर शांत किया। सूचना मिलने पर सीओ हरिराम यादव भी मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद पुलिस से बातचीत करने पर इंद्रामूर्ति से बुढ़ाना तिराहे तक शांतिपूर्ण तरीके से तिरंगा यात्रा निकाली गई। इंस्पेक्टर पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि नगर का माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आतंकवादियों के मार गिराने पर मिठाइयां बांटी
जम्मू कश्मीर के उड़ी में मारे गए सैनिकों के बदले भारतीय सेना ने पाकिस्तान के पीओके में घुसकर पाकिस्तानी आतंकवादियों के शिविर पर हमला कर 38 आतंकवादियों को मार गिराने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए अधिवक्ताओं, भाकियू कार्यकर्ताओं सहित व्यापारियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
इस दौरान भाकियू नगराध्यक्ष रेशु गोयल ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि यदि पाकिस्तानी आतंकवादी हमारा एक सैनिक मारेगा तो उसके बदले हमें दस आतंकवादियों को मारकर सबक सिखाना होगा। मिठाई बांटने वालों में अधिवक्ता दीपेश गुप्ता, ज्ञानचंद सैनी, प्रदीप गर्ग, रोशन लाल, सोनी गुर्जर, वेदप्रकाश, मोहम्मद मुजफ्फर इस्लाम, अक्षत जैन, राजेन्द्र प्रधान, नरेंद्र सिंह, नवीन राजपूत, नेत्रपाल कश्यप, दीपक कुमार आदि लोग मौजूद रहे।