मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन के ट्रैफिक सभागार में पुलिस विभाग मे तैनात कर्मचारियों को दर्द से राहत की मुहिम चलाई गई। मैक्स रिलीफ स्पाइन रिहैबिलिटेशन एंड फिजियोथेरेपी सेंटर के प्रमुख चिकित्सक डॉ तारिक़ व डॉ सारा ने दर्जनों पुलिस कर्मियों व उनके परिजनों का निशुल्क उपचार किया। कई मरीज ऐसे थे जिन्हें लंबे समय तक फिजियोथेरेपी की जरूरत थी, उन्हें निशुल्क उपचार के लिए क्लीनिक का समय प्रदान किया गया।
पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक नदीम ने कैंप का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के कर्मचारियों को दर्द सहन करना होता है। मगर अब फिजियोथेरेपी ने इस दर्द को आसान कर दिया है। कैंप से पूर्व पैन मैनेजमेंट पर गोष्ठी का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में डॉ तारिक ने पहले पैन मैनेजमेंट पर लेक्चर दिया। जिसमें उन्होंने विभिन्न दर्द की बीमारियों के बारे में बताया और पुलिस कर्मियों को जागरूक किया। उसके बाद डॉ सारा ने कहा कि सर्दी में दर्द की बीमारी बढ़ती है, ऐसे में महिलाओं को खास तौर से ध्यान रखना चाहिए। प्रशिक्षित चिकित्सक से ही इलाज कराए। इस कैंप में फिजियो डॉ तारिक ने पुलिस कर्मियों को मुफ्त परामर्श देने का वादा किया और प्रति माह पांच पुलिस कर्मियों को निशुल्क थेरेपी देने की घोषणा भी की। इसके अलावा सर्जिकल के सामान में अधिकतम छूट दिलाने का वादा किया। इस अवसर पर यूसुफ, एकता शर्मा, निकिता शर्मा, मुरसलीन, अनस, सलीम आदि मौजूद रहे।