जुमा की नमाज के मद्देनजर हाईवे पर तैनात आरएएफ के जवान
- फोटो : DEVBAND
देवबंद(सहारनपुर)। सीएए व एनआरसी को लेकर जुमा की नमाज के बाद संभावित विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर शुक्रवार को दारुल उलूम क्षेत्र व सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि दूसरे सप्ताह भी किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। जिसके चलते प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सीएए को लेकर पूर्व में जुमा की नमाज के बाद नगर में हुए मुस्लिम समाज के विरोध प्रदर्शन तथा जमीयत उलमा-ए-हिंद के द्वारा सिलसिलेवार तरीके से ईदगाह मैदान में किए जा रहे कार्यक्रमों को देखते हुए शुक्रवार को दारुल उलूम क्षेत्र व सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारी खुद भी पुलिस बल के साथ दारुल उलूम की मस्जिद रशीदिया पर तैनात रहें। हालांकि जुमा की नमाज के बाद सीएए को लेकर किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं किया गया। जिसके चलते पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इतना ही नहीं एक ओर जहां अधिकारी जगह जगह घूमकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे थे। वहीं, खुफिया विभाग के अधिकारी कहीं विरोध प्रदर्शन तो नहीं हुआ इसकी जानकारी जुटाते रहे।