तेज बारिश के साथ रविवार को शहर के तीन स्थानों पर बिजली गिरने से काफी नुकसान हो गया। बिजली कड़कने से लोग दहशत में रहे। नगर के एसएसपी आवास, सिटी सेंटर और कूकडा के शिवनगर में धमाके के साथ बिजली गिरी। सभी स्थानों पर नागरिकों के विद्युत उपकरण फुंक गए। आसपास के लोगों के भी टीवी, पंखे, इनवर्टर, फ्रिज आदि जल गए। एसएसपी आवास के टेलीफोन लाइन, बिजली की लाईन जल गई। शहर में बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है।
बिजली गिरने पर एसएसपी आवास पर लगे सभी बिजली उपकरण जल गए। आवास की वायरलेस व्यवस्था ध्वस्त हो गई। एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। कुछ देर के लिए दहशत का वातावरण रहा। मीनाक्षी चौक पर शहर के बीच में बने सिटी सेंटर पर लगे टॉवर पर बिजली गिरने से आसपास के इलाके के लोग भी सहम गए। सिटी सेंटर के अधिकतम दुकानदारों के पंखे, टीवी, फ्रिज आदि उपकरण जल गए।
बिजली गिरने के काफी देर तक मार्केट में दहशत का माहौल बना रहा। बिजली कड़कने की तेज आवाज के साथ ही इसके इस रूप को देखकर हर कोई दहशत में रहा। कूकडा के शिवनगर में भी बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ। मोहल्ले के नाहर सिंह, अनीता, मोहन, राघव आदि ने बताया कि उनका टीवी, फ्रिज, इनवर्टर फुंक गया है।