कोरोना से तीन मरीजों की मौत, 287 और संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना संक्रमित तीन और मरीजों की मौत हो गई। अब तक 229 मरीजों की कोरोना के कारण मृत्यु हो चुकी है। मंगलवार को जिले में 287 नए संक्रमित मिले हैं। 542 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अभी भी जनपद में 4119 मरीजों का उपचार चल रहा है।
सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। अब तक 229 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। तीनों का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया गया। सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को विभिन्न जांच रिपोर्ट और एंटीजन टेस्ट में शहर और देहात में 287 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से दस की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी को होम आईसोलेट किया गया है। 542 मरीज और ठीक हुए हैं। जिले में अब तक 28411 मरीज कोरोना के मिल चुके हैं, जिनमें से 24063 मरीज ठीक हो गए है। अभी भी जिले में 4119 मरीजों का उपचार चल रहा है।
ब्लैक फंगस का एक और मरीज मिला
मुजफ्फरनगर। जिले में ब्लैक फंगस का एक और मरीज मिला है। अब तक दो मरीज मिल चुके हैं। शहर के आदर्श कॉलोनी निवासी एक युवक को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर करीब बीस दिन पहले भोपा रोड स्थित ईवान अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसकी हालत सही नहीं होने पर जांच कराई गई। जिसमें ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। सीएमओ ने बताया कि इस मरीज को उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स में रेफर किया गया है। इससे पहले सैनी हार्ट केयर सेंटर के कोविड अस्पताल में ब्लैक फंगस का मरीज मिला था, जो मोलाहेड़ी गांव का निवासी है।
वैक्सीन कम, केवल 1637 लोगों को लगा टीका
मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जनपद में मंगलवार को 1637 लोगों का कोरोना वैक्सीनेशन किया गया। इसमें 45 वर्ष से अधिक आयु के 1463 लोगों को प्रथम डोज लगाई गई तथा 174 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। उन्होंने बताया कि वैक्सीन कम होने के कारण बुधवार यानि आज जिला अस्पताल समेत केवल आठ स्थानों पर ही टीकाकरण कराया जाएगा।