तीन नए कोरोना पॉजिटिव, सात हुए ठीक
मुजफ्फरनगर। सोमवार को जिले में कोरोना के तीन नए केस सामने आए हैं। इनमें एक संक्रमित की ऋषिकेश में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सात मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि सोमवार को 123 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमितों में गांव कुटेसरा की एक महिला शामिल है, जबकि लद्दावाला निवासी व्यक्ति को प्राइवेट लैब पर कराई गई जांच में संक्रमण का पता लगा। इसके अलावा बागोंवाली निवासी को भी ऋषिकेश में कराई गई जांच में कोरोना की पुष्टि हुई। एडीएम ने बताया कि मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में भर्ती सात मरीज ठीक हो गए हैं। जिले में अब तक कुल कोरोना के मरीज 273 हो गए हैं जबकि 220 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट आए हैं। सक्रिय रोगियों की संख्या 52 रह गई है।