पिछले 24 घंटों के भीतर शहर क्षेत्र के साथ ही बुढ़ाना में हुए हादसों में दो युवकों समेत तीन लोगों की जान चली गई। इनमें से एक युवक के शव को परिजन बिना किसी कार्रवाई के घर ले गए। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बचनसिंह कॉलोनी निवासी बाबूराम सैनी (52) रविवार को किसी काम से पीनना की तरफ गए थे। देर रात करीब नौ बजे वे पीनना बाईपास स्थित एक होटल के बाहर घर लौटने के लिए किसी वाहन की इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान शामली की तरफ से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनाख्त कराने के बाद मोर्चरी भेज दिया। बाबूराम सैनी के बेटे विपिन ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, शाहपुर के गांव कसेरवा निवासी राजू (25) पुत्र कृष्णपाल रविवार को किसी काम से बुढ़ाना गया था।
देर रात करीब 9.30 बजे बुढ़ाना से लौटते हुए जैसे ही वह खतौली तिराहे पर पहुंचा, खतौली की तरफ से आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजू को अचेतावस्था में सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
वहीं, नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बझेड़ी निवासी शारिक (23) पुत्र मूसा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। रविवार को वह घर से निकल गया और भटकते हुए बझेड़ी रेलवे फाटक पर पहुंच गया। वहां अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर उसकी शनाख्त कराई। सूचना पर पहुंचे परिजन बेटे को मनोरोगी बताते हुए बिना किसी कार्रवाई के शव लेकर घर लौट गए, जहां उसे सुपुर्दे-खाक कर दिया गया।