सिखेडा में ऐक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सड़क हादसे में पिता-पुत्री सहित तीन की मौत
मुजफ्फरनगर/सिखेड़ा। पानीपत-खटीमा राजमार्ग स्थित सिखेड़ा गंगनहर पुल पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे बाइक सवारों को कुचल दिया। शामली जिले के थानाभवन निवासी बाइक सवार पिता-पुत्री सहित तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शामली जिले के थानाभवन कस्बे के मोहल्ला हाफिज दौस निवासी नसीम कुरैशी (45) अपनी बेटी जुबेनिया (15) और भांजे अयाज (13) निवासी मोहल्ला खालापार के साथ मीरापुर के गांव संभलहेड़ा में शादी-समारोह में गया था। मंगलवार सुबह तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पानीपत-खटीमा राजमार्ग स्थित सिखेड़ा गंगनहर पुल पर पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे तीनों लोगों को बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को मोर्चरी भेजा। ट्रक को कब्जे में ले लिया। मोहल्ला खालापार निवासी मनशाद ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।