मुजफ्फरनगर: नुमाइश ग्राऊड स्थित बिजली आफिस पर धरना प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
विद्युतकर्मियों ने दूसरे दिन भी किया पूर्ण कार्य बहिष्कार
मुजफ्फरनगर। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर विद्युतकर्मियों का दूसरे दिन भी पूर्ण कार्य बहिष्कार रहा। नुमाइश मैदान में एसई के दफ्तर पर जिले भर के विद्युतकर्मी एकत्र हुए और यहां धरना दिया। शाम को शासन द्वारा मांगे माने जाने पर हड़ताल खत्म करते हुए बुधवार से ड्यूटी पर जाने का निर्णय लिया गया।
विद्युत निगम में निजीकरण के प्रस्ताव के विरोध में कर्मचारी संगठन लगातार आंदोलन कर रहे हैं। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम को तीन टुकड़ों में कर निजीकरण का कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि निजीकरण होने से आम उपभोक्ता को अधिक पैसा वहन करना पड़ेगा। निजी कंपनी 16 प्रतिशत मुनाफा लेने की बात कर रही है। अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे विद्युतकर्मियों का पूर्ण कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्य बहिष्कार में विद्युत निगम के अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक सभी शामिल हैं। नुमाइश मैदान में एसई के कार्यालय के बाहर जिले भर के अफसर और कर्मचारी शामिल रहे। यहीं पर धरना देकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बीबी गुप्ता, दिनेश गौतम, यूसी वर्मा, आजाद धीरेंद्र, सौरभ पाठक, ओपी कुशवाहा, आशीष कुमार, सुरेंद्र कुमार, आशु माहेश्वरी, सुजीत कुमार, आईपी सिंह, सचिन शर्मा, विमल दीक्षित, सुनील कुमार, राकेश कुमार, अरूण कुमार, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।