संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
बुढ़ाना। चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कार सवार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने हरियाणा के बहादुरगढ़ से छीनी गई कार, दो तमंचे व चाकू बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों का चालान कर दिया।
बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर रविवार को अलसुबह पुलिस चेकिंग कर रही थी। नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया। अचानक पुलिस को देखकर कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी जवाबी फायर करते हुए घेरकर बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के बाद इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने बताया कि बदमाश मनीष व नवीन हरियाणा के जिला झज्जर के गांव दावोदा के रहने वाले हैं। तीसरा बदमाश राजकुमार भी हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है। तीनों हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं। पुलिस ने बताया कि उनके कब्जे से मिली कार उन्होंने बहादुगढ़ से छीनी थी। चालक से कार की आरसी आदि भी छीन ली गई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों का चालान कर दिया।