खतौली। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे, बिना नंबर प्लेट की आई 20 कार तथा मोबाइल टावरों से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है। यह गिरोह मोबाइल टावरों से आरआरयू व अन्य सामान चोर करता था।
सीओ राम आशीष यादव ने बताया कि गंगनहर खतौली से गांव रायपुर नंगली मार्ग पर पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हाईवे से बिना नंबर प्लेट की कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया। कार में सवार लोगों ने खतौली की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने गंगनहर पर चेकिंग कर रही दूसरी टीम को सूचना दी। जिस पर पुलिस टीम रायपुर नंगली मार्ग पर आ गई। बदमाशों ने आगे और पीछे पुलिस को देखकर कार को चकरोड की ओर मोड़ना चाहा, मगर कार कच्ची मिट्टी में फंस गई। कार से उतर कर बदमाश ईख के खेत में भागने लगे।
बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों को पैर में गोली लग गई जबकि इनका एक साथी भाग निकला। घायल बदमाशों ने अपना नाम मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट के लक्कीपुरा हाल पता दिल्ली सलेमपुर गली नंबर चार जाफराबाद निवासी नावेद उर्फ जावेद, मेरठ के थाना कंकरखेड़ा के दत्तल जिटौली निवासी नाजिम उर्फ डॉन तथा मेरठ के थाना कंकरखेड़ा के गांव शोभापुर निवासी ताजिम उर्फ इमरान बताए।
बदमाशों के कब्जे से मोबाइल टॉवरों से चोरी किए गए दो सेल, चार मॉडयूल, एक लीथियम बैट्री, एक आरआरयू, 34 पीवीसी प्लेट, छह मदर बोर्ड कवर, एक कार और तीन तमंचे व कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने शामली, बागपत, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर में टावरों से आरआरयू, सेल, पीवीसी प्लेट आदि सामान चोरी किया गया है। चोरी किए गए सामान को दिल्ली सीलमपुर मार्केट में बेच देते हैं। वह चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए जा रहे थे। घायल बदमाश नावेद उर्फ जावेद के खिलाफ कई जनपदों के थानों में 21 मुकदमे, नाजिम उर्फ डॉन के खिलाफ 12 तथा ताजिम उर्फ इमरान के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं।