जुर्माना करने पर ईओ को जान से मारने की धमकी
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। अधिशासी अधिकारी ने छोटे बाजार के एक दुकानदार पर मास्क न पहनने तथा कोरोना महामारी एक्ट के उल्लंघन का आरोप लगाया है। यह भी आरोप है कि जुर्माना जमा करने के लिए कहने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। दुकानदार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाते हुए घटना की तहरीर कोतवाली सहित उच्चाधिकारियों को दी है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ओमगिरि ने बताया कि वह नगर पंचायत की टीम के साथ बुधवार को कस्बे के छोटे बाजार में अभियान के तहत गए थे। उन्होंने मास्क न पहनने, अतिक्रमण करने व पॉलीथीन का उपयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाया था। ईओ ने आरोप लगाया कि कस्बे के छोटे बाजार में एक दुकानदार ने मास्क नही पहना था। पूछने पर संतोष जनक जवाब नहीं दिया। जुर्माना करने की बात कहने पर दुकानदार द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया गया। अधिशासी अधिकारी ने घटना की तहरीर कोतवाली प्रभारी व उपजिलाधिकारी सहित उच्चाधिकारियों को दी है। अधिशासी अधिकारी ने उच्चाधिकारियों से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।